नजीबाबाद/बिजनौर। यूपीएससी परीक्षा में उत्तीर्ण होने के लिए माना जाता है कि अच्छी कोचिंग और 16-18 घंटे की पढ़ाई जरूरी है, लेकिन बिजनौर की तिसोतरा निवासी त्रिशला सिंह ने बिना कोचिंग घर पर तैयारी कर पहले ही प्रयास में यूपीएससी की आईईएस (इंडियन इकोनॉमिक सर्विस) की परीक्षा में देश में दूसरा स्थान प्राप्त किया है।
नजीबाबाद क्षेत्र के ग्राम तिसोतरा निवासी डॉ. कौशल कुमार पिछले कई वर्षों से देहरादून में रह रहे हैं। उनकी बेटी त्रिशला सिंह (25) ने यूपीएससी की 2020-21 परीक्षा में आईईएस में पहले ही प्रयास में पूरे देश में दूसरी रैंक प्राप्त की। त्रिशला सिंह ने बीए ऑनर्स अर्थशास्त्र में श्रीराम कॉलेज ऑफ कॉमर्स नई दिल्ली से, जबकि एमए अर्थशास्त्र दिल्ली स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स नई दिल्ली से किया। वर्तमान में त्रिशला सिंह अमेरिकन एक्सप्रेस कंपनी में कार्यरत हैं। आईईएस में सलेक्शन के बाद सेंट्रल सिविल सर्विस द्वारा दिल्ली मिनिस्ट्री ऑफ फाइनेंस में एडिशनल डायरेक्टर के पद पर नियुक्ति होगी। ट्रेनिंग मसूरी सेंटर पर सभी आईएएस के साथ होगी। इसके बाद दिल्ली में विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा।
पिता है कॉमर्स विभाग के प्रोफेसर
त्रिशला सिंह के पिता प्रोफेसर डॉ. कौशल कुमार कामर्स विभाग डीएवी (पीजी)कॉलेज देहरादून में कार्यरत हैं। उनकी माता तृप्ता सिंह डीएवी इंटर कॉलेज देहरादून में फिजिक्स की प्रवक्ता हैं। छोटा भाई कुंवर पार्थ सिंह अमेरिका की साउथ कैलिफोर्निया यूनिवर्सिटी में मास्टर ऑफ कम्प्यूटर साइंस (एमएस) में अध्ययनरत है। त्रिशला की इस सफलता पर गांव तिसोतरा में खुशी का माहौल है।
दो सप्ताह इंटरनेट पर सही सामग्री तलाशी और तैयारी कर ली: त्रिशला सिंह
बिजनौर। त्रिशला सिंह से सफलता और तैयारी के तरीके को लेकर बातचीत की गई तो उन्होंने जो कहा, वह बड़ी परीक्षाओं की तैयारी में लगे युवाओं के लिए प्रेरणा से कम नहीं है। गूगल, यूट्यूब का सही इस्तेमाल कैसे किया जाता है, त्रिशला ने इसका उदाहरण पेश किया है। त्रिशला ने अमर उजाला से बातचीत में अपनी तैयारी के तरीके भी बताए।
सवाल: नौकरी के दौरान इस परीक्षा की तैयारी का ख्याल कैसे आया?
जवाब : मैं अमेरिकन एक्सप्रेस में नौकरी करती हूं। कोरोना के कारण वर्क फ्रॉम होम चल रहा था। मैने अर्थशास्त्र में पढ़ाई की है, इसलिए तभी मेरे मन में खाली समय में तैयारी करने का ख्याल आया।
नौकरी के साथ-साथ क्या कोचिंग ली, कैसे स्टडी मेटिरियल जुटाया?
- मैंने शुरुआती दो सप्ताह यूट्यूब से फ्री तैयारी कराने वालों के चैनल सर्च किए। उनमें काफी तलाशने के बाद सही तैयारी करा रहे चैनल को चुना। खाली समय में इन्हीं चैनल के माध्यम से अपनी परीक्षा की तैयारी करती थी। तीन महीना इसी तरह तैयारी चलती रही। जुलाई में मैने मेंस दिया और नवंबर में इंटरव्यू हुआ। परिणाम आप सबके सामने है।
करंट अफेयर के लिए कहां से मदद मिली?
- जवाब : जनरल नॉलेज और करंट अफेयर के लिए मुझे अखबारों से बहुत मदद मिली। मैं प्रतिदिन अखबार पढ़ती थी। इसलिए यह पक्ष मेरा पहले ही मजबूत हो चुका था।
- तैयारी तो इंटरनेट से हो गई, इंटरव्यू की तैयारी किस तरह हुई?
मेंस परीक्षा पास होने के बाद मैने कुछ संस्थानों द्वारा कराए जाने वाले मॉक इंटरव्यू दिए। इंटरव्यू की तैयारी मैं पहले घर ही की, फिर मॉक इंटरव्यू दिए। इससे मुख्य इंटरव्यू के समय आत्मविश्वास बढ़ा। सभी को इंटरव्यू की तैयारी पहले ही करनी चाहिए।
आईईएस में दूसरा स्थान पाने वाली बिजनौर की त्रिशला सिंह।- फोटो : BIJNOR