बिजनौर के ग्राम गंज के उप प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर मुख्यमंत्री जन आरोग्य स्वास्थ्य मेले में
- फोटो : BIJNOR
आरोग्य मेलों में किया गया 5594 मरीजों का उपचार
बिजनौर। जिले में संचालित प्राथमिक और उप प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर मुख्यमंत्री जन आरोग्य स्वास्थ्य मेलों का आयोजन किया गया। जिले भर में कुल 62 स्थानों पर लगे स्वास्थ्य मेलों में 99 चिकित्सकों और 724 पैरामेडिकल स्टाफ ने लगभग 5594 मरीजों का नि:शुल्क स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें उचित परामर्श दिया। औषधियां वितरित की गईं। इस अवसर पर डीएम ने लाभार्थियों को प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत गोल्डन कार्ड वितरित किए।
शासन के निर्देश पर रविवार को जिले में संचालित प्राथमिक और उप प्राथमिक 62 स्वास्थ्य केंद्रों पर मुख्यमंत्री जन आरोग्य स्वास्थ्य मेलों का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी रमाकांत पांडेय, सीएमओ विजय कुुमार यादव ने संयुक्त रूप से हल्दौर ब्लॉक के गांव गंज दारानगर स्थित उप प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर आयोजित मुख्यमंत्री जन आरोग्य स्वास्थ्य मेले का शुभारंभ किया। डीएम ने कहा कि मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले आयोजित करने का उद्देश्य जरूरतमंदों को उपचार देना है, जिससे वे स्वस्थ रह सकें। सीएमओ ने बताया कि हर इन मेलों में करीब करीब सभी प्रकार की स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हैं। अगर किसी को कोई परेशानी है, तो वे उन्हें तत्काल प्रभाव से बताएं, जिससे संबंधित समस्या का समाधान कराया जा सके। इस दौरान डीएम ने वहां पर लगाए गए विभिन्न स्टॉलों का निरीक्षण किया।
जिले में कुल 62 प्राथमिक और उप प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर आयोजित मेलों में लगभग 99 चिकित्सकों और करीब 724 पैरामेडिकल स्टाफ की ड्यूटी लगाई गई थी। मेलों में आए विभिन्न बीमारियों से पीड़ित करीब 5594 मरीजों के स्वास्थ्य का परीक्षण कर उन्हें दवाई दी गई। इनमें 1845 पुरुष, 2703 महिलाएं और 1046 बच्चे शामिल रहे। इनमें से 29 मरीजों को हायर सेंटर के लिए रेफर किया गया। इस दौरान प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत लगभग 299 गोल्डन कार्ड बनाए गए। डीएम ने लाभार्थियों को गोल्डन कार्ड बांटे। इस अवसर पर जिला सर्विलांस अधिकारी डॉ. एसके निगम, हल्दौर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. मदनपाल सिंह आदि मौजूद रहे।