रक्षाबंधन पर सफर होगा आसान, हर 15 मिनट में मिलेगी बस
बिजनौर। परिवहन विभाग की ओर से रक्षाबंधन की तैयारी शुरू हो गई है। जिले में कुछ रूटों पर बसों के फेरों की संख्या बढ़ाई जाएगी। बिजनौर परिवहन विभाग की ओर से इसकी तैयारी कर ली गई है। जिसके चलते यात्रियों को रक्षाबंधन पर हर 15 मिनट में बस की सुविधा मिलेगी।
बिजनौर डिपो की ओर से नगीना, भागूवाला और धामपुर रूट पर बसों के फेरों की संख्या बढ़ाई जाएगी। क्योंकि पहले को देखते हुए इन रूटों पर ही यात्रियों की संख्या ज्यादा रहती है। बिजनौर से इन रूटों पर हर 15 मिनट में बस मिलेगी। जिस रूट की डिपो पर ज्यादा भीड़ रहेगी, वहां बस भेेजी जाएगी। मेरठ जाने वाले यात्रियों को भी बसों की कोई समस्या नहीं रहेगी। परिवहन मुख्यालय लखनऊ की ओर से रक्षाबंधन पर अतिरिक्त परिवहन व्यवस्था सुलभ करने के निर्देश दिए हैं।
इसके साथ ही चालकों और परिचालकों के लिए प्रोत्साहन योजना भी बनाई गई है। जिसके तहत 10 अगस्त से 15 अगस्त तक बिना अवकाश लिए बस संचालित करने पर प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। छह दिन में 1800 किलोमीटर बस का संचालन करने पर 1200 रुपये प्रोत्साहन राशि के रूप में दिए जाएंगे। संविदा चालकों और परिचालकों को 55 पैसे प्रति किलोमीटर का भुगतान किया जाएगा।
बस में दो दिन महिलाएं कर सकेंगी निशुल्क सफर
रक्षाबंधन के पर्व पर परिवहन निगम की ओर से बसों में 11 अगस्त से 12 अगस्त तक महिलाएं निशुल्क सफर करेंगी। इसके निर्देश भी मुख्यालय की ओर से डिपो अधिकारियों को दे दिए गए हैं। 10 अगस्त की रात 12 बजे से 12 अगस्त की रात 12 बजे तक महिलाएं बसों में निशुल्क सफर कर सकेंगी। एआरएम धीरज सिंह पंवार ने बताया कि रक्षाबंधन के पर्व पर मुख्य रूटों के फेरे बढ़ाए जाएंगे। वहीं जिस रूट के यात्रियों की संख्या ज्यादा होंगी, उसी रूट पर बस भेज दी जाएगी। साथ ही छह दिन में 1800 किलोमीटर पूरा करने पर चालकों और परिचालकों को प्रोत्साहन दी जाएगी। रक्षाबंधन पर यात्रियों को सफर में कोई परेशानी नहीं होगी।