मंडावर के खादर क्षेत्र में गंगा के कटान को देखते परिवहन मंत्री अशोक कटारिया।
- फोटो : BIJNOR
परिवहन मंत्री ने किया बाढ़ग्रस्त क्षेत्र का दौरा
बिजनौर/मंडावर। परिवहन मंत्री अशोक कटारिया ने सोमवार को मंडावर क्षेत्र के बाढ़ग्रस्त इलाकों का दौरा किया और लोगों का हाल जाना। उन्होंने तटीय गांवों के लोगों को हर संभव मदद दिलाने का आश्वासन दिया। ग्रामीणों ने गंगा किनारे तटबंध बनवाने की मांग की। मंत्री ने शासन स्तर से इस समस्या का निदान कराने को कहा। उन्होंने मंगलवार से मंडावर से बालावाली तक रोडवेज बस चलवाने की भी घोषणा की।
अशोक कटारिया सोमवार शाम मंडावर क्षेत्र के गंगा के तटीय गांव कोहरपुर, सिमली, सीमला, चतर भोजपुर, मीरापुर खादर, कुंदनपुर टीप समेत बाढ़ प्रभावित कई गांवों में पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। सभी गांवों के लोगों ने हर साल आने वाली बाढ़ से बचाने के लिए तटबंध बनवाने की मांग की। मंत्री ने कहा कि इस मामले को वे शासन में रखेंगे और इसका हल कराएंगे। अन्य समस्याओं का भी समाधान कराया जाएगा। गांव सिमली में ग्रामीणों ने गंगा की धारा के दूसरी ओर फंसे 15 लोगों की जान बचाने के लिए प्रशासन की तारीफ की।
आसपास के गांव के लोग कुंदनपुर टीप में एकत्र हो गए और मंत्री के सामने समस्याएं रखीं। ग्रामीणों ने मंडावर से बालावाली तक रोडवेज बस चलवाने की मांग की। मंत्री ने मंगलवार से बस चलवाने की घोषणा की। मंत्री ने खुद गंगा के तट पर जाकर गंगा का जलस्तर देखा। गंगा ने कहां-कहां कटान किया, गांव वालों ने उन्हें बताया। उनके साथ जिलाध्यक्ष सुभाष वाल्मीकि, तहसीलदार प्रीति सिंह, सीओ सिटी कुलदीप गुप्ता, नमामि गंगे के संयोजक सौरभ सिंघल, दीपक गर्ग मोनू आदि मौजूद रहे।