अशोक कटारिया के पिता रूमाल सिंह।
- फोटो : BIJNOR
परिवहन मंत्री के पिता का निर्विरोध ग्राम प्रधान चुना जाना तय
नूरपुर। विकास खंड की ग्राम पंचायत हीमपुर प्रथ्या से केवल एक ही नामांकन पत्र दाखिल होने के कारण प्रदेश के परिवहन मंत्री अशोक कटारिया के पिता रुमाल सिंह का निर्विरोध ग्राम प्रधान चुना जाना तय है।
हीमपुर प्रथ्या के 73 वर्षीय रुमाल सिंह शुगर मिल धामपुर में तौल क्लर्क की नौकरी से 13 वर्ष पहले सेवानिवृत्त हुए थे। तभी से गांव में अपनी खेतीबाड़ी करते हुए छोटे पुत्र पंकज कटारिया के साथ रह रहे हैं। परिवहन मंत्री अशोक कटारिया द्वारा कराए गए क्षेत्रीय विकास को देखते हुए ग्रामीणों ने रुमाल सिंह को निर्विरोध प्रधान बनाने का निर्णय लिया तथा केवल उनका एक ही नामांकन दाखिल हुआ। रुमाल सिंह का निर्विरोध निर्वाचन का रास्ता साफ है। खंड विकास अधिकारी दिनेश कुमार शर्मा का कहना है कि अब दो मई को निर्वाचन अधिकारी द्वारा विधिवत निर्वाचन की घोषणा एवं प्रमाणपत्र प्रदान करने की औपचारिकता शेष है।
नये परिसीमन के बाद 2015 में हीमपुर प्रथ्या को प्रथक ग्राम पंचायत का दर्जा मिलने के अनुसूचित वर्ग से गनपत सिंह को प्रधान चुना गया था। 2015 से पहले हीमपुर प्रथ्या ग्राम पंचायत कमालुद्दीनपुर उर्फ पनहेड़ी का हिस्सा था।