परिवहन विभाग वसूलेगा वाहन मालिकों से रोड टैक्स
बिजनौर। जिले का परिवहन विभाग रोड टैक्स जमा नहीं करने वाले वाहन मालिकों से रिकवरी करेगा। वसूली के लिए एआरटीओ कार्यालय ने राजस्व विभाग को वसूली पत्र भेज दिए है। जिले में करीब वाहन मालिकों पर 37 लाख बकाया है।
जनपद में 51 ट्रक और बस मालिकों पर लगभग 37 लाख रुपये बकाया है। सहायक संभागीय परिवहन कार्यालय से वसूली के लिए प्रपत्र राजस्व विभाग को भेजे गए हैं। एआरटीओ प्रशासन प्रणव झा के अनुसार इन वाहन स्वामियों ने पिछले करीब एक साल से रोड टैक्स जमा नहीं किया है और इसके बावजूद नियम विरुद्ध वाहन दौड़ाकर राजस्व हानि पहुंचा रहे हैं। यही नहीं इन वाहन स्वामियों पर रोड टैक्स के साथ-साथ पेनल्टी भी बकाया है। तमाम नोटिस के बावजूद इन पर कोई असर नहीं पड़ा है। अब तक जमा नहीं होने पर एआरटीओ कार्यालय ने भू राजस्व की भांति वसूली करने के लिए कार्रवाई शुरू की है। अनलॉक की अवधि के टैक्स को डिमांड नोटिस दिए। उत्तर प्रदेश सरकार ने लॉकडाउन की अवधि का रोड टैक्स माफ कर दिया था, लेकिन अनलॉक जून और जुलाई के महीने का रोड टैक्स भी अभी तक काफी लोगों ने जमा नहीं किया है। ऐसे 650 वाहन स्वामियों को डिमांड नोटिस भेजे जा रहे हैं। इन पर एक या दो महीने का ही रोड टैक्स बकाया है। कहा कि जिले में 51 वाहन स्वामियों पर करीब 37 लाख का टैक्स बकाया है। इनसे रिकवरी की जाएगी। भू राजस्व की तरह वसूली को प्रपत्र भेज दिए गए हैं।