- ट्रांसफार्मर लेकर नजीबाबाद डिपो पहुंचा टैंकर, सीसीटीवी से खुला मामला
- दो पोल टूटने से दस गांवों की बिजली गुल, बुधवार देर रात तक बहाली में जुटे रहे कर्मचारी
संवाद न्यूज एजेंसी
नहटौर। फुलसंदा आश्रम के पास मंगलवार रात करीब 11 बजे नहटौर से नजीबाबाद जा रहा टैंकर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे ट्रांसफार्मर से टकरा गया। टक्कर से दोनों बिजली के पोल टूट गए और ट्रांसफार्मर टैंकर के केबिन पर गिर गया। चालक ट्रांसफार्मर समेत टैंकर लेकर नजीबाबाद डिपो पहुंच गया।
लाइन ट्रिप होने पर पेट्रोलिंग कर रहे लाइनमैन मौके पर पहुंचे तो पोल टूटे मिले और ट्रांसफार्मर गायब था। आश्रम के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने पर घटना का पता चला। विभागीय अधिकारियों ने नजीबाबाद से ट्रांसफार्मर वापस मंगवाया। हादसे से दस गांवों की विद्युत आपूर्ति ठप हो गई। बुधवार देर रात तक कर्मचारी नए पोल लगाकर आपूर्ति बहाल करने में जुटे थे।
जेई राजवीर सिंह ने बताया कि टैंकर की टक्कर से बिजली के दो पोल टूटे हैं। नए पोल लगाकर विद्युत आपूर्ति बहाल करने का काम किया जा रहा है। गनीमत रही कि लाइन ट्रिप हो गई, जिससे बड़ा हादसा टल गया।