कोटद्वार ब्रांच लाइन पर वायरलेस तकनीक के जरिए होगा ट्रेनों का आवागमन
नजीबाबाद। नजीबाबाद-कोटद्वार ब्रांच लाइन पर ट्रेनों के संचालन के लिए रेलवे ने नई तकनीक अपनाई है। ओएफसी सिस्टम के स्थान पर वायरलेस तकनीक के लिए नया कम्युनिकेशन सिस्टम शुरू किया गया है।
नजीबाबाद-कोटद्वार ब्रांच लाइन करीब 24 किलोमीटर लंबी है। ब्रांच लाइन पर सिंगल रेल ट्रेक के माध्यम से ट्रेनों का आवागमन होता आया है। दशकों पुराने ट्रेनों के आवागमन सिस्टम को रेलवे ने बदलकर नया वायरलेस तकनीक सिस्टम लागू किया है। इसके अंतर्गत नजीबाबाद-कोटद्वार रेल मार्ग पर ओएफसी केबिल बिछाया गया था। कोटद्वार ब्रांच लाइन पर जल्द ही विद्युतीकरण किया गया है। ट्रेनों का संचालन शुरू होते ही इस मार्ग पर नई तकनीक से ट्रेनों का आवागमन शुरू हो जाएगा।
प्रवर मंडल वाणिज्य प्रबंधक, उत्तर रेलवे, मुरादाबाद मंडल रेखा शर्मा के मुताबिक इस कार्य से कोविड-19 की परिस्थितियों में पुराने सिस्टम पर होने वाले खर्च की अत्यधिक बचत भी सुनिश्चित की जा सकी है। उन्होंने बताया कि कम्युनिकेशन सिस्टम को स्थापित होने पर ट्रैक्शन पावर कंट्रोल के माध्यम से उपकरणों को रिमोट से संचालित कराने का काम सफलतापूर्वक किया जाना संभव हुआ है। मुरादाबाद मंडल के डीआरएम तरूण प्रकाश की प्रेरणा एवं प्रवर मंडल विद्युत अभियंता (टीआरडी) जितेंद्र कुमार के प्रयास से ही संभव हुआ है।