बिजनौर। शनिवार की सुबह आठ बजे से बिजनौर की चक्कर रोड पर ट्रैफिक डायवर्ट रहेगा। दरअसल तीन दिनों तक रेलवे फाटक की मरम्मत की जानी है। ऐसे में फाटक बंद होने कारण वाहनों की आवाजाही भी नहीं हो सकेगी।
सीनियर सेक्शन इंजीनियर रेल पथ राजीव कुमार शर्मा ने यातायात पुलिस को पत्र जारी किया। जिसमें कहा गया कि आठ नवंबर की सुबह आठ बजे से दस नवंबर की शाम आठ बजे तक मरम्मत के लिए रेल फाटक बंद रखा जाएगा। यह पत्र मिलने के बाद ही यातायात पुलिस ने भी ट्रैफिक डायवर्जन प्लान तैयार किया है। यातायात प्रभारी रवि नैन ने बताया कि पड़ोसी जनपद मुजफ्फरनगर और मुरादाबाद पुलिस को भी पत्र भेजा गया है। ताकि मुजफ्फरनगर के मोंटा चौराहे से मुरादाबाद की ओर जाने वाले वाहन वहीं से डायवर्ट कर दिए जाए। ताकि इनका बिजनौर में प्रवेश ही ना हो।
इसके बाद भी अगर कोई वाहन बिजनौर आ भी जाता है तो उसे सैंट मेरीज चौराहे से नजीबाबाद की ओर भेजा जाएगा। जोकि नजीबाबाद से कोतवाली, नहटौर और नूरपुर होते हुए मुरादाबाद की तरफ जाएगा। वहीं मुरादाबाद से मुजफ्फरनगर की ओर जाने वाले वाहनों को नूरपुर से ही नहटौर की ओर भेजा जाएगा। बिजनौर में नगीना रोड पर चक्कर चौराहे पर बेरिकेडिंग कर दी जाएगी। ताकि कोई वाहन सेंट मेरीज चौराहे की ओर से नहीं जाने पाए।