धामपुर में शेरकोट चुंगी के निकट कालागढ़ मार्ग पर लगा भीषण जाम स्रोत संवाद
धामपुर। धामपुर- कालागढ़ मार्ग पर दिन भर जाम की स्थिति रहने से लोग परेशान हैं। शेरकोट चुंगी के निकट सड़क के दोनों ओर होने वाले अस्थाई अतिक्रमण से मार्ग पर दिन भर जाम की स्थिति बनी रहती है।
नगर क्षेत्र के तरुण कुमार, भूपेंद्र सिंह, सुभाष सिंह आदि का कहना है कि कालागढ़ मार्ग पर शेरकोट चुंगी के निकट कई अस्पताल हैं। किसी भी अस्पताल पर पार्किंग की सुविधा नहीं है। प्रतिदिन हजारों मरीज, तीमारदार वाहनों से आते हैं। सड़क के दोनों ओर लोगों ने अस्थायी अतिक्रमण कर रखा है। ऐसी स्थिति में अस्पताल आने वाले मरीज ओर तीमारदार अस्पतालों के बाहर सड़क पर अपने वाहन खड़े कर देते हैं, जिससे मार्ग पर जगह कम बचने के कारण लोगों को आवागमन में परेशानी होती है। दिन में बार बार जाम लगता रहता है। लोगों ने पुलिस, नगरपालिका प्रशासन से जाम की समस्या से स्थायी निजात दिलाने की मांग की है। पालिका ईओ रवि शंकर शुक्ला का कहना है कि अतिक्रमण चिह्नित कर अभियान चलाया जाएगा।