ट्रैक्टर-ट्रॉली ले जाने के लिए पहुंचे युवक की धुनाई करते ग्रामीण।
- फोटो : अमर उजाला
बिजनौर मेंरेत से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आकर एक किशोर की मौत हो गई। हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर-ट्रॉली छोड़कर फरार हो गया। किशोर की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने चालक की गिरफ्तारी की मांग को लेकर जाम लगा दिया। एसडीएम के आश्वासन पर ग्रामीणों ने जाम खोला। पोस्टमार्टम के बाद शव पहुंचा तो ग्रामीणों ने फिर जाम लगा दिया। उधर, पुलिस ने चालक के खिलाफ गैरइरादतन हत्या की रिपोर्ट दर्ज की है।
थाना शहर कोतवाली के गांव फरीदपुर मीरा उर्फ घनुवाला निवासी अजय पाल का पुत्र आदित्य (12) रविवार सुबह अपने घर के बाहर खड़ा था। इसी दौरान वह घर के बाहर से गुजर रही रेत से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आ गया। आदित्य की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर-ट्रॉली छोड़कर भाग निकला।
किशोर की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। आक्रोशित परिजनों व ग्रामीणों ने मौके पर जाम लगा दिया। सूचना पर पुलिस पहुंच गई। मौके पर पहुंचे एसडीएम अनुज सिंह के आश्वासन पर करीब 11 बजे जाम खोल दिया गया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। अजय पाल ने बताया कि उसका एक पुत्र और एक पुत्री थी। आदित्य के जाने के बाद अब पुत्री ही रह गई है।
आदित्य रामकृष्ण प्राइमरी स्कूल में कक्षा पांच का छात्र था।
पोस्टमार्टम के बाद आदित्य का शव गांव पहुंचा तो लोगों का गुस्सा फिर फूट पड़ा। गांव के बाहर बिजनौर-मंडावर मार्ग पर मुआवजे व चालक की गिरफ्तारी की मांग को लेकर दोबारा जाम लगा दिया गया। इस पर विधायक प्रतिनिधि के रूप में अधिवक्ता विनीश कुमार व अमित राठी तथा एसडीएम अनुज सिंह
और सीओ असित श्रीवास्तव मौके पर पहुंच गए। चालक को जल्द गिरफ्तार करने और चालक के दोस्त को जेल भेजने और मुआवजा दिलाने के आश्वासन पर परिजनों ने जाम खोल दिया।
पुलिस के सामने ही तानी रिवॉल्वर
चालक ने अपने दोस्त इरशाद को फोन कर ट्रैक्टर-ट्रॉली लेने के लिए गांव भेजा। गांव पहुंचते ही इरशाद ने पुलिस के सामने ही ग्रामीणों पर रौब गालिब करते हुए ट्रैक्टर ले जाने की बात कही। ग्रामीणों ने मना किया तो इरशाद ने पुलिस के सामने ही रिवॉल्वर निकालकर तान दिया। आक्रोशित ग्रामवासियों ने इरशाद को पकड़ लिया और जमकर धुनाई कर दी। पुलिस ने ग्रामवासियों से इरशाद को बचाया और थाने भेज दिया।