नगीना। पुरैनी टोल प्लाजा पर कार चालक की टक्कर से घायल निजी सुरक्षाकर्मी महिपाल (50) की इलाज के दौरान मेरठ में मृत्यु हो गई। पुलिस ने आरोपी कार चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
बुधवार दोपहर करीब दो बजे हरिद्वार-काशीपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर ग्राम पुरैनी के करीब स्थित टोल प्लाजा पर एक कार नगीना से धामपुर की दिशा में जाने के लिए आकर रुकी। कार चालक की टोल प्लाजा पर मौजूद महिला कर्मी से टोल टैक्स को लेकर काफी देर कहासुनी हुई। कार चालक के बदसलूकी करने पर टोल प्लाजा पर तैनात निजी सुरक्षाकर्मी महिपाल सिंह पुत्र नत्थू निवासी ग्राम फैजुल्लापुर थाना स्योहारा ने टोका तो चालक ने तेजी से कार आगे बढ़ाते हुए उन्हें टक्कर मारकर गंभीर रूप घायल कर दिया और कार लेकर भाग गया। गंभीर रूप से घायल हुए महिपाल को टोलकर्मी मेरठ ले गए, जहां बुधवार की रात्रि ही इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। सीओ राजेश सिंह सोलंकी का कहना है कि आरोपी कार चालक अनूप गोबिल निवासी ग्राम पिलखना बक्काल, थाना सरसावा जनपद सहारनपुर के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि कार को पुलिस ने सीज कर दिया है।
टोल प्लाजा के प्रबंधक उत्तम कुमार ने बताया कि महिलाकर्मी से बदसलूकी के बाद पहुंचे सुरक्षाकर्मी महिपाल पर आरोपी ने कार चढ़ाने की धमकी दी तथा फिर कार को पीछे करते हुए उन्हें रौंदते हुए कार लेकर भाग गया था। उन्होंने बताया कि महिपाल टोल प्लाजा पर करीब पांच वर्षों से तैनात थे।