संवाद न्यूज एजेंसी
कोतवाली देहात। पानीपत खटीमा मार्ग शादीपुर के निकट प्रस्तावित टोल प्लाजा को लेकर भारतीय किसान यूनियन चढ़़ूनी की बैठक ग्राम शाहपुर सैदू में संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता श्याम सिंह व संचालन अमित कुमार ने किया।
बैठक को संबोधित करते हुए संगठन के युवा प्रदेश अध्यक्ष विकास चौधरी ने कहा कि शादीपुर के निकट प्रस्तावित टोल प्लाजा गाइडलाइन के अनुसार नहीं लगाया जा रहा है। इस मामले को लेकर पहले कई बार प्रशासनिक अधिकारियों को ज्ञापन दिए जा चुके हैं। लेकिन प्रशासन ने मामले पर कोई ध्यान नहीं दिया है।
प्रस्तावित टोल प्लाजा से टोल प्लाजा की दूरी 43 किलोमीटर है, जबकि 60 किलोमीटर के दायरे में टोल प्लाजा स्थापित करना गाइडलाइन के विरुद्ध है।
सहकारी गन्ना समिति मामले पर चर्चा करते हुए युवा प्रदेश अध्यक्ष विकास चौधरी ने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा मामले में कोई संज्ञान नहीं लिया गया है। इन्हीं मामलों को लेकर भारतीय किसान यूनियन चढ़ूनी 18 नवंबर को एक महापंचायत जिला मुख्यालय पर करेगी।
बैठक के दौरान बिलाई मिल द्वारा गन्ने का भुगतान, आवारा पशुओं, जिले में गुलदार की समस्या आदि मुद्दों पर भी चर्चा की गई। इस मौके पर जिलाध्यक्ष विकास उर्फ नूरी, राकेश कुमार, भारत सिंह, मुनेंद्र सिंह, हरफूल सिंह, कृष्णपाल सिंह, बंटी कुमार आदि कार्यकर्ता व किसान मौजूद रहे।