केंद्र और प्रदेश सरकार को बताया किसान विरोधी
नजीबाबाद। भाकियू (भानु) से जुडे़ किसानों ने केंद्र और प्रदेश सरकार को किसान-मजदूर विरोधी बताते हुए धरना दिया। किसानों ने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन तहसीलदार राधेश्याम शर्मा को सौंपा।
जिलाध्यक्ष चौ. नरेश प्रधान, मंडल प्रभारी चौ. राजेंद्र सिंह, जिला प्रभारी चौ. अनिल कुमार के नेतृत्व में किसानों ने तहसील परिसर में पंचायत की।
जिलाध्यक्ष चौ. नरेश प्रधान ने केंद्र सरकार पर किसानों पर थोपा गया कृषि कानून वापस लेने में हठधर्मी नीति अपनाने पर रोष व्यक्त किया। किसानों ने बेरोजगारी, महंगाई, भ्रष्टाचार बढ़ने, कृषि उपज का वाजिब दाम किसानों को न मिलने के लिए सरकार की आर्थिक नीतियों को जिम्मेदार ठहराया। बाबूराम भारती के संचालन में आयोजित पंचायत के बाद किसानों ने मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन तहसीलदार राधेश्याम शर्मा को सौंपा। ज्ञापन में कृषि कानून बिना शर्त वापस लेने, गन्ने का बकाया भुगतान तत्काल कराने, आगामी पेराई सत्र से पूर्व 500 रुपये प्रति क्विंटल गन्ना मूल्य घोषित करने, युवाओं को रोजगार दिलाने तथा महंगाई और भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने की मांग उठाई गई। पंचायत में जिला उपाध्यक्ष कपिल ठाकुर, नईमुद्दीन, हमीदुल्ला, लोकेंद्र ठाकुर, दुष्यंत ठाकुर, रामपाल सिंह, दीपक सैनी, अहसान अहमद, तकसीर, मोहम्मद शकूर, भगत सिंह, वीर सिंह पाल, सुविन कुमार, गरीबा सिंह, इदरीस, ध्यान सिंह आदि शामिल हुए।