जिलास्तर पर ही रोजगार दिलाने की कवायद
बिजनौर। डीएम ने सभी विभागों के अधिकारियों को कौशल वाले मजदूरों की जरूरत के लिए उत्तर प्रदेश कामगार और श्रमिक आयोग की कार्यकारी परिसर के सेवायोजन पोर्टल से पूरा करने के निर्देश दिए हैं। उनहोंने सभी शैक्षिक, तकनीकी तथा प्रबंधकीय संस्थाओं से उत्तीर्ण अभ्यर्थियों का पंजीकरण सेवायोजना पोर्टल पर कराने के भी निर्देश दिए।
डीएम रमाकांत पांडेय ने कहा कि सेवायोजन पोर्टल का विकास एक बहुत ही महत्वपूर्ण और बहुआयामी कदम है। इसके द्वारा न सिर्फ मजदूरों, श्रमिकों और विभिन्न कोशल एवं क्षमता वाले लोगों को जिला स्तर पर ही उनकी क्षमता के अनुसार रोजगार उपलब्ध होगा बल्कि शासकीय एवं निजी क्षेत्र के नियोजकों के लिए भी आवश्यकता के अनुसार जनशक्ति की उपलब्धता भी सुनिश्चित हो सकेगी। उन्होंने विभिन्न शैक्षिक, तकनीकी तथा प्रबंधकीय संस्थानों के प्रबंधकों व संचालकों तथा निजी औद्योगिक संस्थानों के स्वामियों को निर्देशित किया कि वे संस्थानों से उत्तीर्ण अभ्यर्थियों का पंजीकरण भी सेवायोजन पोर्टल पर कराना सुनिश्चित करें, ताकि उन्हें जिला स्तर पर ही रोजगार उपलब्ध हो सके। लाभान्वित होने वाले अभ्यर्थियों का डाटा भी सेवायोजन पोर्टल पर प्रदर्शित करें। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि संविदा के माध्यम से होने वाली सभी भर्तियों को सेवायोजन पोर्टल पर विज्ञापित करते हुए इसी पोर्टल से नियमानुसार भर्ती की प्रक्रिया सुनिश्चित की जाए। इस अवसर पर जिला सेवायोजन अधिकारी विशाल राठी, पंकज चौधरी सहित अन्य संबंधित विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद थे।