बिजनौर के शेरकोट में शव दफनाने को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को शांत करते हुए शव को सुपुर्द-ए-खाक कराया। एक पक्ष की ओर से भूस्थल को कब्रिस्तान की जगह निजी संपत्ति होना बताया गया था। इसी के चलते दोनों पक्षों में तनातनी हो गई। एहतियातन पुलिस तैनात कर दी है।
बुधवार को मोहल्ला कोटरा निवासी नासिर अहमद का निधन हो गया था। परिजन शव को लेकर मौजा कोटरा टप्पा स्थित कब्रिस्तान ले गए। मृतक के परिजन शव को दफनाने की तैयारी कर ही रहे थे कि मुहल्ले के ही अकील अहमद सहित अन्य ने यहां शव दफनाने से मना कर दिया। अकील पक्ष ने दावा किया कि शव दफनाने वाली जगह निजी संपत्ति है। उसका कब्रिस्तान से संबंध नहीं है। दूसरा पक्ष इससे इनकार करता रहा।
बाद में दोनों पक्षों में तनातनी हो गई। मौके पर लाठी डंडे निकल आए। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने स्थिति को काबू किया। पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाकर शव को सुपुर्द-ए-खाक कराया। उधर, एसडीएम के आदेश पर राजस्व विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर भूमि की पैमाईश की। कानूनगो महेंद्र सिंह एवं लेखपाल क्षेत्रपाल सिंह के अनुसार उक्त भूमि से कब्रिस्तान का कोई लेना देना नहीं है। भूमि अकील अहमद की निजी संपत्ति है। दोनों पक्षों में बिगड़ते माहौल को देखते हुए पीएससी तैनात कर दी गई है।
उधर, एसओ धर्मेंद्र सिंह का कहना है कि राजस्व विभाग ने भूमि की पैमाईश कर दी है। पीड़ित को भूमि पर काबिज कराया जाएगा। उधर, नगीना। मंडी मोलगंज में युवक ने एक दुकानदार की साइकिल चोरी कर ली। साइकिल मिस्त्री की दुकान पर जाकर साइकिल का ताला तुड़वाने लगा। साइकिल की तलाश में वहां आए दुकानदारों ने युवक को पकड़कर जमकर पिटाई की। बाद में माफी मांगने पर उसे उसके परिजनों को सौंप दिया।