स्योहारा। एक विवाहिता ने गृह क्लेश से तंग आकर कमरे में फंदे पर लटककर आत्महत्या कर ली। मायके वालों ने पति सहित ससुराल वालों पर दहेज उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है।
बृहस्पतिवार की रात गांव मिठेपुर निवासी संगीता (32) पत्नी राहुल ने कमरे में फंदा लगा कर आत्महत्या कर ली। बताया जा रहा है कि मृतका का अपने पति राहुल से किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। घटना की सूचना मिलने पर रात में ही सीओ अभय कुमार पांडे, थाना प्रभारी निरीक्षक अमित कुमार व फॉरेंसिक टीम ने घटना स्थल का निरीक्षण किया। सूचना मिलने पर संगीता के मायके वाले भी आ गए। मृतका के पिता सुनहरि सिंह निवासी गांव नवादा थाना चांदपुर ने पुलिस को तहरीर देकर आरोप लगाया कि उसकी पुत्री की शादी वर्ष 2018 में हुई थी। मृतका का पति राहुल, ससुर अमर सिंह, सास सावित्री आदि दो लाख रुपये के लिए उसका उत्पीड़न करते थे। पुलिस ने शव का पंचनामा भर कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।