झालू। यूपी बोर्ड इंटरमीडिएट की परीक्षा में विद्यार्थियों को थ्योरी के सवाल हल में ज्यादा समय लगा। वहीं, कुछ विद्यार्थी सूत्रों के जाल में फंसे। जबकि, हाईस्कूल के परीक्षार्थियों ने गणित का पेपर आसान बताया। हालांकि, कुछ सवालों देखकर उनके दिमाग घूम गया।
यूपी बोर्ड हाईस्कूल की गणित परीक्षा प्रथम पाली में हुई। परीक्षा में 29035 पंजीकृत विद्यार्थियों में से 27577 विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। जबकि, 1458 विद्यार्थी अनुपस्थित रहे। इसके अलावा इंटरमीडिएट की व्यवसायिक वर्ग की परीक्षा में 701 में से 672 विद्यार्थी उपस्थित रहे। वहीं, इंटरमीडिएट की भौतिक विज्ञान एवं सैन्य विज्ञान में 22398 पंजीकृत हैं। इनमें से 21562 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए।
हाईस्कूल गणित की परीक्षा देकर निकली छात्रा इलमा ने पेपर को सरल और अच्छा बताया। उन्होंने कहा कि अध्यापकों द्वारा कराया गया अध्ययन काफी सहायक रहा, जिससे प्रश्नपत्र आसानी से हल हो गया।
छात्रा हिफ्जा ने भी परीक्षा को सहज बताते हुए कहा कि अधिकांश प्रश्न पाठ्यक्रम के अनुसार ही आए थे। अच्छी तैयारी होने के कारण उन्हें पेपर हल करने में कोई कठिनाई नहीं हुई और परीक्षा संतोषजनक रही।
वहीं, इंटरमीडिएट की छात्रा ताशु चौधरी ने कहा कि भौतिक विज्ञान कुल मिलाकर पेपर संतोषजनक रहा। थ्योरी से संबंधित प्रश्नों को समझकर लिखने में अपेक्षाकृत अधिक समय लगा। जबकि, अन्य प्रश्न सामान्य और हल्के रहे।
छात्रा अंजली चौधरी ने बताया कि भौतिक विज्ञान का प्रश्नपत्र काफी अच्छा और सरल था। कहा कि पेपर हल करने में किसी प्रकार की कोई दिक्कत नहीं हुई। विद्यालय की शिक्षिकाओं द्वारा कराए गए अध्ययन के अनुसार ही प्रश्नपत्र आया।