स्योहारा। मुरादाबाद जाने वाली अप लाइन पर खंभा संख्या 1444/1455 के पास रेलवे फाटक के निकट शुक्रवार सुबह एक युवक मालगाड़ी की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना से क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई और परिजनों में कोहराम मच गया।
शुक्रवार सुबह करीब 10:30 बजे ग्राम जटनगला निवासी गजराज (45) पुत्र हरि सिंह किसी कारणवश रेलवे ट्रैक के समीप मौजूद थे। इसी दौरान तेज रफ्तार मालगाड़ी वहां से गुजरी और वह उसकी चपेट में आ गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि गजराज उछलकर ट्रैक किनारे जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही आसपास मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायल को उठाया और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।
प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने हालत नाजुक देखते हुए उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना के बाद रेलवे फाटक के पास लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है। भारतीय किसान यूनियन के ब्लॉक अध्यक्ष चौधरी गजेंद्र सिंह टिकैत ने रेलवे ट्रैक के आसपास सुरक्षा इंतजाम सुदृढ़ करने की मांग की है। उनका कहना है कि रेलवे फाटक और ट्रैक के आसपास पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था न होने से इस तरह की घटनाएं हो रही हैं।