ऑक्सीजन के लिए भटक रहे तीमारदार
धामपुर। धामपुर में बीमार लोगों को बचाने के लिए ऑक्सीजन सिलिंडर के लिए तीमारदारों की गैस डिपो के बाहर लोगों की रविवार को भीड़ लगी रही। लेकिन ऑक्सीजन नसीब नहीं हो सकी।
धामपुर में तीन स्थानों पर गैस डिपो है। गोयल गैस डिपों के प्रबंधक अभय कुमार गोयल परिवार के सदस्यों के साथ कोरोना संक्रमित होने के कारण आइसोलेट है। आत्मा गैस डिपो पर मांग के बावजूद भी पिछले काफी दिनों से ऑक्सीजन नहीं आ रही है। रेलवे स्टेशन पर अग्रवाल गैस डिपो है, पर इस डिपो के प्रबंधक अंकित अग्रवाल का भी कहना है कि तीन दिन से उनके यहां भी प्लांट से गैस नहीं आई है। नलकूप विभाग में कार्यरत विनय कुमार ने बताया कि उनका रिश्तेदार नगर के एक अस्पताल में भर्ती है। ऑक्सीजन की जरूरत है। जिले में सभी स्थानों पर ऑक्सीजन के लिए भटक लिए पर उन्हें गैस नहीं मिली है। लोगों ने सीएम से धामपुर डिपों पर ऑक्सीजन की पर्याप्त उपलब्धता बनाने की मांग की है।