संवाद न्यूज एजेंसी
कादराबाद। गांव रसूलपुर में घर के सामने खेल रही तीन वर्षीय बालिका फायजा पर आवारा कुत्तों ने हमला कर दिया। कुत्तों से बचने के लिए बच्ची नाले में भी गिर गई। जख्मी बालिका की उपचार के दौरान मौत हो गई।
गांव रसूलपुर आबाद निवासी मोहम्मद अफसर ने बताया कि उनकी तीन वर्षीय पौत्री फायजा पुत्री फुरकान बृहस्पतिवार की दोपहर घर के बाहर गली में खेल रही थी। इसी दौरान बच्ची पर आवारा कुत्तों हमला कर दिया। कुत्तों के हमले से बच्ची बुरी तरह से सहम गई और नाली में जा गिरी। एक राहगीर ने कुत्तों को भगाकर उसे नाले से निकाला। परिजन बच्ची को धामपुर में एक निजी अस्पताल में ले गए, जहां उसकी मौत हो गई। फायजा के पिता सऊदी में काम करते हैं। शुक्रवार को गमगीन माहौल में बच्ची के शव को सुपुर्दे खाक कर दिया गया।