पर्चा खरीदा नहीं, जुलूस निकाल ताकत दिखाने की होड़
नींदडू़। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में भाग्य आजमाने वाले प्रधान पद के किसी संभावित उम्मीदवार ने अभी नामांकन का पर्चा नहीं खरीदा, किंतु कई के बीच जनसंपर्क एवं जुलूस निकाल कर ताकत दिखाने की होड़ लग गई है।
नींदडू़ खास में प्रधान पद के किसी भी संभावित प्रत्याशी ने अभी तक नामांकन पत्र नहीं खरीदा, किंतु जनसंपर्क व जुलूस निकाल कर चुनावी शंखनाद कर दिया। सोमवार शाम पिछड़े वर्ग के एक संभावित उम्मीदवार ने अपने समर्थकों के साथ कई मोहल्लों में जाकर जनसंपर्क कर मतदाताओं से अपने पक्ष में वोट डालने का आग्रह किया। उधर, सामान्य वर्ग के एक भूतपूर्व प्रधान समेत दो संभावित प्रत्याशियों ने जुलूस निकाल कर अपनी ताकत का अहसास कराया। इसके अलावा कई संभावित प्रत्याशियों ने अपने समर्थकों के साथ बैठक कर चुनावी सरगर्मियां तेज कर अपनी स्थिति मजबूत करने का फैसला लिया।
दूसरी ओर, जिला पंचायत सदस्य पद का चुनाव लड़ने वाले नींदडू़ के तीन संभावित प्रत्याशियों ने कोविड-19 के प्रावधानों को ध्यान में रखते हुए भीड़भाड़ से इतर दो या तीन समर्थकों के साथ क्षेत्र के गांवों में मतदाताओं से मुलाकात कर अपने पक्ष में मतदान करने की अपील की।