जिले में तीन नए कोरोना केस मिले
बिजनौर। जिले में तीन नए कोरोना संक्रमित मरीज मिले। नए मरीजों में से दो का एंटीजन किट से पता चला, जबकि एक मरीज की ट्रूनॉट मशीन से पुष्टि हुई। वर्तमान में 1388 जांच रिपोर्ट लंबित हैं, जबकि एक्टिव केस की संख्या मात्र 100 रह गई है।
जनपद में बृहस्पतिवार को कुल 4033 मरीजों की जांच रिपोर्ट प्राप्त हुई, जिनमें से तीन मरीजों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई। इनके साथ में 4030 की जांच रिपोर्ट नेगेटिव आई। बृहस्पतिवार को कुल 2693 लोगों की जांच की गई। सीएमओ डा. विजय कुमार गोयल के अनुसार अब कोरोना संक्रमण की श्रृंखला धीरे-धीरे टूट रही है। बृहस्पतिवार को तीन नए कोरोना पॉजिटिव केस मिले। इसमें ज्यादा घबराने की बात नहीं है, लेकिन बेहद ही सावधानी बरतने की आवश्यकता है। कोरोना संक्रमण की रफ्तार कम जरूर हुई है, लेकिन अभी यह पूरी तरह से समाप्त नहीं हुआ है। इसलिए पहले से अधिक सतर्क रहने की आवश्यकता है। उन्होंने बताया कि नए मरीज अमरोहा जनपद के तरावली छपरा, बसी किरतपुर, जलीलपुर ब्लॉक के गांव मुबारकपुर कलां के रहने वाले हैं।