दंपती समेत तीन और मिले कोरोना संक्रमित
बिजनौर। जिले में तीन और लोग कोरोना संक्रमित मिले हैं। इनमें एक दपंती और एक अन्य युवक शामिल है। कुछ दिन पूर्व ही तीनों मुंबई से टेंपो से अपने गांव लौटे हैं। यह युवक मुंबई में टेंपो चलाता था और उसके बच्चे भी वहीं रहते थे। शुक्रवार को तीन नए केस मिलने के साथ ही जिले में कुल कोरोना पॉजिटिव केस की संख्या 64 हो गई है। इनमें से 43 लोगों ने कोरोना को मात दी है, जबकि चांदपुर के एक निजी चिकित्सक की मौत हुई है। तीनों को मुरादाबाद के कोविड हॉस्पिटल भेजा गया है।
लगभग एक सप्ताह से जिले में कोरोना संक्रमित मरीजों संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। पिछले तीन दिन से जिले में लगातार केस मिल रहे हैं। 19 मई को एक ही दिन में 12 लोगों के कोरोना पॉजिटिव आने की पुष्टि हुई थी। इनमें से 11 जनपद बिजनौर तथा नगीना देहात के गांव कमरुद्दीन नगर के रहने वाला एक व्यक्ति अलीगढ़ में कोरोना पॉजिटिव पाया गया था। उसकी सैंपलिंग भी अलीगढ़ जिले में ही हुई थी। शुक्रवार को तीन और लोग कोरोना पॉजिटिव मिले। इनमें शेरकोट थाना क्षेत्र के गांव मिर्जापुर निवासी दंपती और स्योहारा थाने के गांव किवाड़ का रहने वाला एक व्यक्ति शामिल है। गांव मिर्जापुर का युवक मुंबई में ही टेंपो चालक है। टेंपो में कितने लोग आए थे, अभी तक इसकी संख्या स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस इसका पता लगाने में जुटी है। सीएमओ डॉक्टर विजय कुमार यादव के अनुसार जिले में अब तक कुल 64 कोरोना पॉजिटिव केस मिल चुके हैं। हालांकि इनमें से 43 लोग ठीक भी हो चुके हैं, जबकि चांदपुर के एक निजी चिकित्सक की मौत हो चुकी है।