बिजनौर। जिले में कोरोना संक्रमित मरीजों के मिलने का सिलसिला जारी है। बुधवार को जिले में तीन नए कोरोना संक्रमित मरीज मिले हैं। सभी मरीजों ने जुकाम, खांसी, बुखार होने के बाद कोरोना जांच कराई थी।
बुधवार को अल्हेपुर ब्लॉक में गांव परमावाला निवासी 35 वर्षीय व्यक्ति की कोरोसा रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। नहटौर ब्लॉक के गांव पाडला निवासी 60 वर्षीय बुजुर्ग महिला में कोरोना की पुष्टि हुई। हल्दौर के मोहल्ला अन्नावल कुम्हारपुरा सरक में 17 वर्षीय किशोरी कोरोना संक्रमित मिली है। सभी मरीजों ने जुकाम होने पर कोरोना की जांच कराई, जिसके बाद उनमें कोरोना की पुष्टि हुई है। जिले में इस समय कोरोना के नौ सक्रिय मरीज हैं। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विजय कुमार गाेयल का कहना है कि कोरोना संक्रमित मिले सभी मरीजों की तबीयत ठीक है। संक्रमित मिले मरीजों के परिवार वालों की भी कोरोना जांच के लिए सैंपल लिए जाएंगे।