नगीना के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर पुलिस मुठभेड़ में गोली लगने से घायल बदमाश। स्रोत पुलिस
पुलिस मुठभेड़ में तीन बदमाश गोली लगने से घायल, पांच गिरफ्तार
संवाद न्यूज एजेंसी
नगीना। मंगलवार की तड़के करीब तीन बजे नगीना-बढ़ापुर मार्ग पर पुलिस और संरक्षित पशु का वध करने की तैयारी कर रहे आरोपियों में मुठभेड़ हो गई। आरोपी ग्राम काजीवाला के जंगल में खो नदी की ओर जाने वाले रास्ते पर गन्ने के खाली खेत में थे। मुठभेड़ में तीन आरोपी गोली लगने से घायल हो गए, जबकि पुलिस ने दो अन्य आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने पांचों आरोपियों के कब्जे से मारने के लिए ले जाए जा रहे दो जिंदा बैल, उपकरण और दो तमंचे बरामद किए हैं।
सीओ आलोक सिंह के अनुसार मुठभेड़ में घायल आरोपियों की पहचान सईद अहमद (30) व वाहिद उर्फ टल्ली (32) निवासी मोहल्ला कलालान नगीना तथा कासिम उर्फ बुल्ला (35) निवासी ग्राम जाफ्तागंज थाना नजीबाबाद के रूप में हुई है। तीनों के दाहिने पैर में घुटने के नीचे गोली लगी है। पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए सीएचसी नगीना भेजा, जहां से उन्हें जिला अस्पताल बिजनौर रेफर कर दिया गया। वहीं, पुलिस ने मौके से मोमीन (25) निवासी ग्राम तुख्मापुर तथा अनिल (27) निवासी ग्राम काजीवाला को भी गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक वेगन आर कार, दो बैल, दो छुरी, एक सूजा, एक चापड़, दो तमंचे 315 बोर, तीन जिंदा कारतूस और दो खोखा कारतूस बरामद किए हैं। सीओ ने बताया कि गोली लगने से घायल हुए बदमाश सईद पर विभिन्न थानों में 12,वाहिद पर 27 व कासिम पर पांच मामले दर्ज हैं।