- टूटी दीवार से कॉलोनी में घुसे गुलदार, लोगों में दहशत
संवाद न्यूज एजेंसी
नजीबाबाद। सिद्धबली विहार कॉलोनी में रविवार रात तीन गुलदार घुस आए। एक गुलदार ने कुत्ते पर हमला करने का प्रयास किया, लेकिन कुत्ता गुलदार के चंगुल से भाग निकला। गुलदारों के कॉलोनी में घूमने की हलचल वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।
नजीबाबाद-कोतवाली मार्ग पर ग्राम पंचायत पूरनपुर नरोत्तम क्षेत्र में सिद्धबली विहार कॉलोनी है। रविवार की रात कॉलोनी में तीन गुलदार घुस आए। सोमवार की सुबह सीसीटीवी कैमरे की फुटेज देखी तो तीन गुलदार काफी समय तक मुन्ना सिंह व अंकुर चौधरी के घर के सामने घूमते रहे। एक मिनट 39 सेकेंड की सीसीटीवी फुटेज के दौरान एक गुलदार ने कुत्ते पर हमला किया, लेकिन कुत्ता फुर्ती दिखाकर गुलदार के चंगुल से भाग निकला।
सीसीटीवी कैमरे की फुटेज देखकर कॉलोनीवासियों में दहशत फैल गई। अनिल राजपूत, मुनेंद्र पाल सिंह, अमन सिंह, मनोज राजपूत, राकेश चौधरी आदि कॉलोनीवासियों ने बताया कि कॉलोनी के आसपास पहले भी गुलदार देखे गए हैं। काॅलोनी के आसपास गांव बसीरपुर के किसानों के खेत हैं और कॉलोनी की दीवार कई जगह से टूटी है। टूटी दीवार के रास्ते वन्यजीव आसानी से घुस आते हैं। हिंसक जानवरों के रिहायशी क्षेत्र में घुस आने से खतरा बढ़ गया है। कॉलोनीवासियों ने सामाजिक वानिकी से पिंजरा लगाकर गुलदारों को पकड़ने की मांग की है। साथ ही एक-दूसरे को रात में अकेले बाहर न निकलने और बच्चों को घर से बाहर न जाने देने की सतर्कता बरतने की सलाह दी है।
उधर ग्राम प्रधान राकेश चौधरी ने बताया कि काॅलोनी ग्राम पंचायत के हैंडओवर नहीं हुई है। कॉलोनी के खाली प्लाॅटों में झाड़ियां उगी हैं। प्लाॅट स्वामियों से प्लाॅटों की सफाई कराने को कहा गया है।
उधर सामाजिक वानिकी नजीबाबाद के डिप्टी रेंजर हरगोविंद ने बताया कि कॉलोनी परिसर में गुलदार देखे जाने की सूचना मिली है। कॉलोनी के पास पिंजरा लगाया जाएगा। कॉलोनीवासी भी प्रकाश व फेंसिंग कराकर सतर्कता बरतें।