तीन विभागों पर बिजली का 10 लाख रुपये बकाया
धामपुर। विद्युत निगम के अधिकारियों का कहना है कि बार-बार नोटिस जारी करने के बाद भी सिंचाई विभाग, तहसील और एसडीएम कार्यालय के अधिकारी बिजली के बकाया बिल की धनराशि को जमा नहीं कर रहे हैं। इन सभी कार्यालयों पर निगम का पर करीब दस लाख से ऊपर की बकाया है।
विद्युत निगम के अधिशासी अभियंता वीरेंद्र कुमार ने बताया कि अफजलगढ़ सिंचाई खंड धामपुर, तहसील और एसडीएम कार्यालय का कई सालों से बिजली का बिल जमा नहीं हुआ है। इस बकाया को वसूलने के लिए अप्रैल तक का लक्ष्य दिया गया है। वह इस बाबत जिलाधिकारी की अध्यक्षता में संपन्न हुई बैठक में भी मामले को उठा चुके हैं। लेकिन अभी तक बिल जमा न होने से प्रगति शून्य पर ही है। बताया कि सिंचाई विभाग पर ढाई लाख, तहसील और एसडीएम कार्यालय पर करीब चार-चार लाख की बकाया है। उधर संबंधित विभाग के अधिकारियों का कहना है कि उनके द्वारा बकाया जमा करने के लिए बजट की मांग की जा रही है। शासन से धनराशि मुक्त होगी तो बकाया को जमा करा दिया जाएगा।