बिजनौर में सोमवार को हुई तेज बारिश में स्कूटी पर भीगती युवतियां।
- फोटो : BIJNOR
तीन घंटे झमाझम बारिश से लबालब हुए खेत
बिजनौर/बेगावाला। सोमवार को हुई बारिश से मौसम में गर्मी और उमस से राहत मिली। खेत लबालब हो गए। यह बारिश गन्ने और धान की फसल के लिए बहुत लाभदायक साबित हो रही है। बारिश से किसानों के चेहरे खिले हुए हैं।
सोमवार तड़के करीब चार बजे से सात बजे तक तीन घंटे अच्छी बारिश हुई। बारिश से खेत लबालब भर गए। बाद में बारिश रुक गई लेकिन बादल दिन भर छाए रहे। दोपहर में बहुत उमस रही। उमस से जनता परेशान रही। शाम को एक बार फिर आसमान में बादल उमड़ा और कुछ देर के लिए बारिश हुई। बारिश से उमस से राहत मिल गई। बारिश से किसानों के चेहरे खिले हुए हैं। उनका कहना है कि अब नलकूप या पंप चलाकर धान की फसल की सिंचाई नहीं करनी पड़ रही है। धान की फसल को सिंचाई की सबसे ज्यादा जरूरत होती है। वहीं बारिश से मंडावली से गुजर रहा खटीमा मार्ग कीचड़ के तालाब में तब्दील हो गया है। रास्ते पर कई जगह गड्ढे होने वे वहां पानी भर गया है और जनता को वहां से निकलने में भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। कृषि वैज्ञानिक नरेंद्र सिंह का कहना है कि समय समय पर हो रही बारिश से खेतों में धान और गन्ने की फसल अच्छी खड़ी है। बारिश से धान की फसल की सिंचाई की जरूरत पूरी हो रही है। कहा कि किसान फसल को कीटों से बचाकर रखें।