जिला अस्पताल में निरीक्षण के दौरान रजिस्टर चेक करते अपर निदेशक।
- फोटो : अमर उजाला
बिजनौर में अपर निदेशक चिकित्सा, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मुरादाबाद डा. ज्ञान सिंह ने जिला संयुक्त चिकित्सालय का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान तीन चिकित्सक अनुपस्थित मिले। उन्होंने सीएमओ कार्यालय में समीक्षा बैठक भी ली।
एडी मुरादाबाद डा.ज्ञान सिंह ने सोमवार दोपहर जिला अस्पताल और महिला अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि उन्हें निरीक्षण के दौरान जिला अस्पताल से डा.अनुराग व डा.हीरालाल और महिला अस्पताल से डा.रेखा सिंह अनुपस्थित मिली। तीनों चिकित्सक काफी लंबे समय से बिना सूचना दिए गैरहाजिर है। उन्होंने कहा कि तीनों के खिलाफ शासन को रिपोर्ट बनाकर भेजी जाएगी। उन्होंने बताया कि अस्पताल में सफाई व्यवस्था सही मिली है तथा दोनों अस्पतालों को और सुधारात्मक निर्देश दिए गए हैं।
निरीक्षण में उनके साथ सीएमएस डा.राकेश दुबे, डा.आभा वर्मा व मुनीष ठाकुर मौजूद रहे। निरीक्षण के बाद उन्होंने सीएमओ कार्यालय में स्वास्थ्य विभाग की और से चलाए जा रहे कार्यक्रमों की समीक्षा बैठक ली।
उन्होंने बैठक में कार्यक्रम में और प्रगति लाने व सही ढंग से करने के निर्देश दिए हैं। बैठक में सीएमओ डा. सुखवीर सिंह, डीटीओ बृजभूषण, डा.पीआर नायर आैर डा.प्रमोद समेत अन्य टीम सदस्य मौजूद रहे।