एक ही चिता में जले तीन शव
नजीबाबाद। महिला और उसके दो पुत्रों की एक साथ चिता जलने से गांव सौपुरी के ग्रामीणों की आंखें नम थीं। महिला ने परिवारिक कलह के चलते अपने पुत्रों का गला घोटने के बाद पंखे से लटककर आत्महत्या कर ली थी।
ग्राम पंचायत रानीपुर के गांव सौपुरी की महिला लक्ष्मी द्वारा पुत्रों पांच वर्षीय आनंद और सात वर्षीय मानव की आत्महत्या मामले में मृतका के परिजनों और सौपुरी के ग्रामीणों की मांग पर पुलिस ने पति पप्पू को क्लीन चिट दे दी है। महिला और उसके पुत्रों की आत्महत्या के बाद एसपी संजीव त्यागी ने एसपी सिटी लक्ष्मी निवास मिश्र, एसडीएम संगीता, सीओ प्रवीण कुमार सिंह, तहसीलदार राधेश्याम शर्मा की उपस्थिति में पति पप्पू के बयान लिए थे।
ग्राम प्रधान रविराज सौपुरी के ग्रामीणों की उपस्थिति में पुत्रों के साथ आत्महत्या करने वाली महिला के परिजनों बेगमपुर शादी निवासी धूम सिंह आदि ने पुलिस को कार्रवाई न करने की तहरीर सौंपी थी। परिवारिक कलह में महिला सहित तीन मौत होने पर पुलिस ने तीनों शवों का पोस्टमार्टम कराया।
पुलिस ने महिला के पति पप्पू और उसके तीन भाइयों को पूछताछ के लिए शुक्रवार की रात ही हिरासत में ले लिया था। मृतका के परिजनों द्वारा कार्रवाई न करने और पति द्वारा घटना के समय मजदूरी पर रहने के सभी बिंदुओं का अध्ययन करते हुए पुलिस ने पंचनामे के बाद पति पप्पू और उसके भाइयों को क्लीन चिट दे दी।
परिजनों और पति की उपस्थिति में अंतिम संस्कार
नजीबाबाद। पोस्टमार्टम के बाद बिजनौर बैराज घाट पर महिला और उसके दोनों पुत्रों का ग्राम प्रधान रविराज सिंह, महिला के पिता धूम सिंह, पति पप्पू और ग्रामीणों की उपस्थिति में शनिवार को दोपहर बाद अंतिम संस्कार किया गया। तीन चिताएं एक साथ जलते देख ग्रामीणों की आंखें नम थीं।