बिजनौर में शराब की चोरी करने वाले पकड़े गए चोर। स्रोत पुलिस
बिजनौर। सील लग जाने की वजह से बंद पड़े बीयर बार में घुसकर नशेड़ी शराब की चोरी करते रहे। बृहस्पतिवार की रात फिर से चोरी करने पहुंच गए। पुलिस ने तीन आरोपियों को पकड़कर चालान कर दिया है। जिनके पास से पांच पेटी शराब बरामद की गई है।
बिजनौर के मोहल्ला खत्रियान में केशव दूबे के मकान में पौने दो क्विंटल गांजा मिलने के बाद 20 मई को आबकारी विभाग ने चांदपुर मार्ग पर स्थित केशव दूबे की केडी बीयर बार को सील कर दिया था। बार का लाइसेंस भी निलंबित किया गया। तब से ही इस बार पर सील लगी हुई है। मगर अंदर शराब का स्टॉक काफी रखा हुआ था।
बृहस्पतिवार की रात छत के रास्ते चोर बार के घुस गए। जिन्होंने करीब पांच पेटी शराब चोरी कर ली। केशव दूबे की पत्नी मोनी दूबे ने मामले में अमन और सूरज निवासीगण नलकूप कॉलोनी, अंश पाल उर्फ काकू निवासी खत्रियान, आनंद और हर्ष वर्मा निवासीगण चाहशीरी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। आरोपी अमन, सूरज व अंशपाल को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने तीनों आरोपियों का चालान कर कोर्ट में पेश किया। जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।