नगीना। परिवार वाले बैंक्वेट हॉल में निकाह की रस्मों में व्यस्त रहे और चोरों ने घर में अलमारी का ताला तोड़कर करीब 18 लाख रुपये कीमत के सोने के जेवरात व 70 हजार रुपये चोरी कर लिए।
मोहल्ला कायस्थ सराय निवासी ब्रश कारोबारी दिलशाद राईन की बेटी की शादी मंगलवार की रात नगर के एक बैंक्वेट हॉल में थी। बैंक्वेट हॉल घर से करीब एक किलोमीटर दूर था। दिलशाद के अनुसार रात लगभग 12 बजे परिवार के सभी लोग घर का ताला लगाकर बैंक्वेट हॉल में गए थे। निकाह की रस्म पूरी होने के बाद जब परिवार के सदस्य रात में करीब सवा बजे घर लौटे तो मुख्य गेट पर लगा ताला टूटा पड़ा था। अंदर जाकर देखा तो अलमारी में रखे करीब 16 तोले सोने के जेवरात व 70 हजार रुपये गायब थे। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची तथा घटना के संबंध में जानकारी हासिल की। सीओ डॉ. अंजनी कुमार चतुर्वेदी का कहना है कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।