युवक की तालाब में डूबने से हुई मौत पर विलाप करते परिजन।
- फोटो : अमर उजाला
कोतवाली देहात में गांव करौंदा चौधर में एक युवक को चोर समझकर ग्रामीण ने शोर मचा दिया। मोहल्ले से भागा युवक तालाब में गिर गया। रात में ही उसकी तलाश की गई, लेकिन कोई सुराग नहीं लगा। बृहस्पतिवार सुबह युवक का शव तालाब से बरामद हुआ।
गांव रोशनपुर प्रताप में बृहस्पतिवार रात जाहर दीवान के मेले में डांस पार्टी चल रही थी। गांव करौंदा चौधर निवासी छत्रपाल का 24 वर्षीय पुत्र पुष्पेंद्र डांस पार्टी देखने गया था। ग्रामीणों के अनुसार पुष्पेंद्र रात में एक पड़ोसी के घर की ओर से निकल कर अपने घर जाने लगा। मकान स्वामी ने युवक को चोर समझकर शोर मचा दिया। इससे पुष्पेंद्र डर गया और उसने दौड़ लगा दी। इसी दौरान उसका पैर फिसल गया और वह मकान के पीछे स्थित तालाब में गिरकर डूब गया। ग्राम प्रधान विकल कुमार ने घटना की सूचना पुलिस को दी। रात में ही पुलिस मौके पर पहुंची उन्होंने गांव के गोताखोरों की मदद से पुष्पेंद्र को तालाब में तलाश कराया गया। परिजनों सहित ग्रामीणों की भी मौके पर भीड़ लग गई। रात भर मशक्कत करने के बाद भी पुष्पेंद्र का तालाब में तालाब में सुराग नहीं लगा।
शुक्रवार सुबह गोताखोरों ने फिर से तालाब में युवक की तलाश शुरू कर दी। करीब आठ बजे पुष्पेंद्र का शव तालाब से निकाला गया। युवक का शव मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने पंचनामा भरने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए बिजनौर भेज दिया। वहीं, युवक के पिता छत्रपाल ने गांव रोशनपुर प्रताप के कुछ लोगों पर पुष्पेंद्र की हत्याकर शव को तालाब में डालने का आरोप लगाया है। उन्होंने इस संबंध में थाने में तहरीर दी है। थाना प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।