नहर पटरी सड़क के निर्माण की विभागीय जांच होगी
बिजनौर। नारियल कांड में नहर पटरी सड़क के निर्माण की विभागीय जांच भी होगी। सिंचाई विभाग के चीफ इंजीनियर मुरादाबाद आरपी सिंह ने दो सदस्यीय कमेटी का गठन किया है। इसके लिए अधीक्षण अभियंता बरेली और बिजनौर को जांच सौंपी गई है।
दो दिसंबर को नहटौर शाखा पर निर्माणाधीन सड़क का उद्र्घाटन किया गया था। उद्घाटन के लिए सदर विधायक सुची मौसम चौधरी ने सड़क पर नारियल फोड़ने का प्रयास किया लेकिन तीन बार की कोशिश के बाद भी नारियल नहीं टूटा जबकि सड़क पर रोड़ी टूटकर बिखर गई। सड़क में घटिया निर्माण सामग्री का आरोप लगाते हुए विधायक और भाजपा नेता ऐश्वर्य मौसम चौधरी धरने पर बैठ गए थे। उन्होंने अधिकारियों और ठेकेदार की मिलीभगत की बात भी कही थी। सवा करोड़ रुपये बनने वाली इस सड़क के मामले में जल शक्ति मंत्री डॉ. महेंद्र सिंह सहायक अभियंता और जेई को निलंबित करने के आदेश जारी कर चुके हैं। वहीं डीएम इस मामले की जांच के लिए टैक्निकल ऑडिट टीम बनाने की सिफारिश मंडलायुक्त से कर चुके हैं। अब विभाग ने भी अपने स्तर से जांच शुरू कराने के लिए दो सदस्यीय कमेटी का गठन किया है। चीफ इंजीनियर आरपी सिंह ने इसकी पुष्टि की।
अभी नहीं मिला पत्र: अधिशासी अभियंता
जलशक्ति मंत्री डॉ. महेंद्र सिंह ने एई और जेई को निलंबित करने के आदेश तो दे दिए हैं, लेकिन सोमवार को अधिकारी कार्रवाई का पत्र पहुंचने की पुष्टि करने से बचते नजर आए। सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता विकास अग्रवाल ने कहा कि शासन से कार्रवाई होने के संबंध में अभी तक कोई पत्र नहीं मिला है। जब तक पत्र नहीं मिल जाता, तब तक अधिकारिक तौर पर कुछ नहीं कहा जा सकता।