स्योहारा के एमक्यू इंटर कॉलेज में अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से आयोजित पुलिस की पाठशाला में उपस्
स्योहारा। मंगलवार को नगर के एमक्यू इंटर कॉलेज में अमर उजाला फाउंडेशन के तत्वावधान में आयोजित पुलिस की पाठशाला कार्यक्रम में एएसपी पूर्वी अमित कुमार श्रीवास्तव ने छात्राओं को बताया कि समाज में काफी बदलाव आया है, लेकिन आज भी कुछ ऐसे शरारती लोग हैं जो दूसरों को परेशान करते हैं।
घर के आसपास भी ऐसे लोग होते हैं, जो आप के साथ कुछ ऐसा करते हैं जो आप को पसंद नहीं है। ऐसे में आप को डरने की नहीं, बल्कि खुलकर सामने आकर अपनी बात कहने की आवश्यकता है। यदि आप थाने या पुलिस के पास नहीं जा सकती हैं तो 112 या 1090 पर कॉल कर शिकायत कर सकती हैं। आपका नाम भी गुप्त रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि मोबाइल फोन पर सोशल मीडिया के इस्तेमाल के दौरान बहुत सावधानी बरतने की जरूरत है। उन्होंने मोबाइल पर आए किसी भी लिंक को नहीं खोलने की सलाह दी।
बताया कि आपके एक क्लिक से आपकी जिंदगी भर की पूंजी खाली हो सकती है। महिला उपनिरीक्षक काजल तेवतिया ने बताया कि डरना नहीं है।
हर किसी की गलत हरकत का जवाब देना है। यदि साइबर अपराध हो तो तत्काल इसकी सूचना 1930 पर देनी चाहिए। इस दौरान एसएसआई सुरजीत सिंह, प्रधानाचार्य मंसूर इसरत सिद्दीकी, फहीम अहमद, महिला आरक्षी अनीता चौहान, फरीद अहमद, अभय कुमार, भूपेंद्र सिंह, मोहम्मद यूनुस चौधरी मौजूद रहे।