-प्रधानाचार्य ने पुलिस को कराया घटना से अवगत
-जांच पड़ताल कर चोरों का पता लगाने के प्रयास में लगी है पुलिस
धामपुर। राजकीय कन्या इंटर कॉलेज सरकड़ा के सरकारी भवन में चोरों ने हजारों रुपये का सामान चोरी कर लिया। चोरों ने सोमवार को दिनदहाड़े कमरों के ताले तोड़कर इस वारदात को अंजाम दिया। इस घटना से शिक्षकों में बेचैनी है।
चोर बिजली के पंखे, जनरेटर के पार्ट्स, सीसीटीवी कैमरे, वायरिंग इलेक्ट्रॉनिक सामान, बच्चों के खेल का सामान और सरकारी अभिलेख ले गए। प्रधानाचार्य नेहा वर्मा ने बताया कि विद्यालय भवन साल 2021 से अत्यंत जीर्णशीर्ण अवस्था में है। उच्च अधिकारियों के आदेश पर यह विद्यालय गांव के दूसरे छोर पर करीब तीन किलोमीटर दूर एक निजी भवन में संचालित हो रहा है। चोरी हुआ सारा सामान विद्यालय के सरकारी भवन में रखा हुआ था। चोरी का पता तब चला जब विद्यालय के चौकीदार बाबू सिंह और कार्यालय सहायक राजकमल सिंह भवन देखने गए। घटना से शिक्षकों में बेचैनी बढ़ गई है। प्रधानाचार्य ने पुलिस को घटना की सूचना दी है। पुलिस मामले की जांच कर चोरों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।
पुलिस क्षेत्राधिकारी अंजनी कुमार चतुर्वेदी ने बताया कि चोरी का मामला संज्ञान में लाया गया है। पुलिस इस घटना की जांच कर रही है। चोरों का पता लगाने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस जल्द ही आरोपियों को पकड़ने का दावा कर रही है।