किरतपुर। किरतपुर बस स्टैंड पर पुलिस चौकी के पास स्थित बाबा कम्युनिकेशन मोबाइल की दुकान के ताले तोड़कर चोर मंगलवार रात मोबाइल फोन, एक्सेसरीज और नकदी सहित हजारों रुपये का सामान चोरी कर ले गए।
दुकानदार मोहम्मद इनाम ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि चोर दुकान से छह नए, 16 पुराने मोबाइल, मोबाइल एक्सेसरीज तथा करीब 56 हजार रुपये की नकदी चोरी कर ले गए। घटना की जानकारी बुधवार सुबह दुकान खोलने पर हुई। नगरवासियों का कहना है कि जिस स्थान पर चोरी हुई है, वहां से लगभग 100 मीटर की दूरी पर दो बैंक हैं तथा नजदीक ही पुलिस चौकी भी है। पुलिस क्षेत्राधिकारी नजीबाबाद अंजनी कुमार चतुर्वेदी का कहना है तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा करने का प्रयास किया जाएगा।