युवक को खौलते तेल के कढ़ाव में डाला
बिजनौर। शादी की दावत में पानी नहीं देने पर एक युवक को खौलते तेल के कढ़ाव में डाल दिया। झुलसे युवक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। पीड़ित के परिजनों ने एसपी से मिलकर कार्रवाई करने की गुहार लगाई है।
नजीबाबाद के मोहल्ला चारबाग निवासी शानू ने एसपी से शिकायत की है कि 24 नवंबर को मोहल्ले में एक शादी समारोह में उसका भाई फैजान गया था। वह लोगों को खाना परोस रहा था। इस्लामुद्दीन के दो बेटे फैसल व शैबी भी खाना परोस रहे थे। इस्लामुद्दीन व उसके दोनों बेटों ने इस दौरान फैजान से पानी लाने को कहा। फैजान के साथ गाली गलौज की। विरोध करने पर इन लोगों ने फैजान को खौलते तेल के कढ़ाव में डाल दिया। झुलसे फैजान को निजी अस्पताल के बाद जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। परिजनों का आरोप है कि तहरीर देने के बाद भी पुलिस ने उनकी रिपोर्ट दर्ज नहीं की। उन्होंने एसपी से मामले में कार्रवाई करने की गुहार लगाई है।