हल्दौर। बिलाई मिल के समीप नहटौर झालू मार्ग पर स्थित पेट्रोल पंप के पास किसी वाहन की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
गांव खेड़की टप्पा निवासी विकास (18) पुत्र गोपाल खेत से गन्ने लदी ट्रैक्टर-ट्राली लेकर बिलाई शुगर मिल जा रहा था। विकास के साथ उसका चचेरा भाई नकुल पुत्र हरपाल निवासी खेड़की टप्पा भी ट्रैक्टर पर बैठा हुआ था।
मंगलवार सुबह करीब साढ़े दस बजे ट्रैक्टर-ट्राली जब नहटौर झालू मार्ग पर स्थित पेट्रोल पंप केनिकट पहुंची, तो सामने से आ रहे किसी वाहन से ट्रैक्टर-ट्राली की भिड़ंत हो गई।
हादसे में ट्रैक्टर-ट्राली सड़क के बीच में पलट गई। इस बीच विकास भी सड़क पर गिर गया और किसी वाहन की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
नकुल गंभीर रूप से घायल हो गया। उसको बिजनौर ले जाया गया। सूचना मिलने पर युवक के परिजनों में कोहराम मच गया।
एसओ अमरनाथ वर्मा घटनास्थल पर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे तथा शव का पंचनामा भरवाकर पोस्टमार्टम के लिए बिजनौर भेज दिया।
घटना के बाद चालक वाहन को लेकर मौके से फरार हो गया। मृतक के पिता की तहरीर पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। गोपाल के दो पुत्र तथा दो पुत्रियां हैं। विकास सबसे छोटा पुत्र था।