नहर की टूटी पटरी की मरम्मत का काम शुरू
हल्दौर। गांव शादीपुर मिलक के पास जंगल में शुक्रवार को नहर की टूटी हुई पटरी की मरम्मत कार्य सिंचाई विभाग के जेई ने जेसीबी मशीन व श्रमिकों द्वारा शुरू कराया गया। नहर की पटरी अचानक टूटने से किसानों की कई फसलों में पानी घुस गया था और काफी फसल बर्बाद हो गई । किसानों ने सिंचाई विभाग के जेई से उचित मुआवजा दिलाने की मांग की।
गांव शादीपुर मिलक के निकट से होकर गुजर रही नहर की पटरी काफी दिनों से जर्जर अवस्था में थी। एक दिन पूर्व अचानक नहर की पटरी टूट गई थी, जिससे विशंभर सिंह, सुभाष कुमार, रामकुमार सिंह, महेंद्र सिंह, ओमपाल सिंह, अरविंद आदि अनेक किसानों की गन्ना, चरी, बाजरा और मक्का आदि की कई बीघा फसल जलमग्न होने से बर्बाद हो गई। पीड़ित किसानों ने मामले की सूचना फोन पर सिंचाई विभाग के अधिकारियों को दी। विभाग द्वारा देर शाम नहर का पानी बंद करा दिया गया था। शनिवार की सुबह करीब नौ बजे सिंचाई विभाग के जेई नरेंद्र कुमार जेसीबी मशीन व श्रमिकों के पहुंचे। उन्होंने जेसीबी और मजदूरों की मदद से नहर की टूटी हुई पटरी की मरम्मत का कार्य शुरू कराया। घंटों मरम्मत का कार्य चलने के बाद नहर की पटरी दुरुस्त की जा सकी। पीड़ित किसानों ने अपनी बर्बाद फसल के मुआवजे की मांग की। जेई ने पीड़ित किसानों को उनकी बर्बाद हुई फसल का जांच के बाद उचित मुआवजा दिलाये जाने का भरोसा दिलाया।