जेल से फरार दोनों इनामी नहीं आए पुलिस के हाथ
बिजनौर। अस्थायी जेल से फरार 25-25 हजार के दोनों इनामी पुलिस के हाथ नहीं लगे हैं। पुलिस की कई टीमों ने रात भर उनकी तलाश में दबिश दी पर दोनों का कोई सुराग नहीं लगा।
बृहस्पतिवार की सुबह इंदिरा बाल भवन के पास स्थित अस्थायी जेल से कोतवाली देहात की रजा कालोनी निवासी फरमान, बढ़ापुर थाने के गांव जमालपुर ढिकला निवासी कुलवीर उर्फ पंकज, नगीना देहात थाने के गांव सूजापुर टांडा माईदास निवासी अक्षय उर्फ गोलू, कोतवाली देहात थाने के गांव दौलताबाद निवासी संजू जेल की सीढ़ियों का दरवाजा तोड़कर फरार हो गए थे। संजू को सिपाही मनीष ने जेल के बाहर से ही दबोच लिया था। अक्षय पैदल भागने के बाद वाहनों से लिफ्ट लेकर अपने क्षेत्र में चला गया। पुलिस ने उसे भी दबोच लिया। कुलवीर व फरमान पुलिस के हाथ नहीं आए।
एसपी डा. धर्मवीर सिंह ने दोनों पर 25-25 हजार का इनाम घोषित किया था। पुलिस की चार टीम दोनों की तलाश में लगाई गई । रात भर पुलिस ने दोनों की तलाश में ताबड़तोड़ दबिश दी पर दोनों पुलिस के हाथ नहीं आए। दोनों के परिजनों को भी पुलिस ने उनकी तलाश में लगाया है। दोस्तों व परिचितों को भी पुलिस खंगालने में जुटी है। एसपी डा. धर्मवीर सिंह के मुताबिक फरार दोनों की तलाश में पुलिस की टीम ने कई जगह दबिश दी है। दोनों अभी हाथ नहीं आए है। जेल से बंदियों के फरारी के मामले में उनकी ओर से एसपी सिटी लक्ष्मी निवास मिश्र का जांच सौंपी गई है।