ताउते के असर से ठंडा पड़ा नौतपा का ताप
नगीना। चक्रवाती तूफान ताउते के असर के चलते लोगों को इस बार मई का महीना गर्मी से बिना झुलसाए निकल गया। मौसम विभाग की मानें तो चक्रवाती तूफान ने इस बार नौतपा के असर को पूरी तरह ठंडा कर दिया। इसे संयोग ही कहा जाएगा कि 20 मई से प्रारंभ होने वाले नौतपा के समय ही चक्रवाती तूफान के चलते बारिश होती रही, जिस कारण मई माह के आखिरी सप्ताह में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक भी नहीं पहुंच पाया।
नगीना स्थित मौसम वेधशाला के सेवानिवृत्त प्रेक्षक आर के शर्मा ने बताया की चक्रवाती तूफान के असर के चलते ही मई माह के आखिरी सप्ताह में हर वर्ष भीषण गर्मी से बेहाल रहने वाले लोगों को राहत मिली है। नौतपा के आने की संभावना इस बार 20 मई से व्यक्त की जा रही थी, लेकिन इसके प्रारंभ होने वाले दिनों में ही लगातार तीन दिन तक चक्रवाती तूफान के चलते क्षेत्र में बारिश ने तापमान को बढ़ने नहीं दिया। आमतौर पर मई महीने के आखिरी सप्ताह में जहां तापमान 40 डिग्री के पार पहुंच जाता था, वहीं इस वर्ष यह कम ही रहा। जून माह में प्री मानसून के चलते तापमान में गिरावट आनी शुरू हो जाती है, इससे संभावना व्यक्त की जा रही है कि इस बार लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिल सकती है। मई माह में चक्रवाती तूफान के असर के चलते हुई तीन दिन की वर्षा ने पिछले 10 साल के रिकॉर्ड तोड़ दिए। मई माह में पिछले 10 वर्षों में भी इतनी वर्षा कभी नहीं हुई जितनी इस बार मई माह में हुई।
नौतपा के दौरान तापमान की स्थिति
दिनांक अधिकतक न्यूनतम
20 मई- 22.0 19.6
21 मई- 28.4 18.8
22 मई- 32.4 21.4
23 मई- 34.4 22.2
24 मई- 33.0 19.8
25 मई- 36.8 19.0
26 मई- 35.0 20.2
27 मई- 34.6 20.6
28 मई- 34.8 23.2
29 मई- 32.0 23.6
30 मई- 33.0 22.6
(यह आंकडे़ नगीना स्थित मौसम वेधशाला से लिए गए हैं)