बिजनौर। मंगलवार की सुबह क्षेत्र में हवा के साथ बारिश हुई तो लोगों को उमस व गर्मी से राहत मिली। क्षेत्र के अधिकतम तापमान में सात डिग्री सेल्सियस की गिरावट आ गई।
पिछले करीब एक सप्ताह से लोगों को सितंबर माह के अंतिम दिनों में भी मई-जून जैसी गर्मी का एहसास हो रहा था। उमस भरी गर्मी से लोगों का जीना मुहाल हो गया था। मंगलवार की सुबह करीब छह बजे से कई घंटे हल्की व मध्यम स्तर की वर्षा हुई तो तापमान में एकदम गिरावट आ गई। जहां एक तरफ पिछले करीब एक सप्ताह से अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस के आसपास चल रहा था वहीं मंगलवार को यह 27.8 पहुंच गया। इस बारिश से किसानों को नुकसान होने की आशंका है।
खेतों में खड़ी सब्जी जैसे पालक, धनिया, शलजम की फसल की बारिश से खराब हो जाएगी। पछेती धान की फसल को तो लाभ हुआ लेकिन अगेती फसल को नुकसान हो जाएगा। इस समय अक्तूबर में बोए जाने वाले गन्ने की भी तैयारी शुरू हो गई थी। किसान जगजीत सिंह, वीरेंद्र सिंह, रामपाल सिंह, बलजीत सिंह,रामकुमार, जयप्रकाश आदि का कहना है कि यदि और बारिश पड़ती है तो जो धान की फसल खेतों में गिर गई है उसके ऊपर पानी आ जाएगा और फसल बर्बाद हो जाएगी।