बिजनाैर, जलालाबाद/नजीबाबाद। डीपीआरओ की टीम ने ग्राम पंचायत असदुल्लापुर पहुंचकर विकास कार्यों में अनियमितता के आरोपों की जांच की। सीसी मार्ग निर्माण की जांच के लिए कई स्थानों पर मार्ग खोदा गया।
जिला पंचायत राज अधिकारी दमनप्रीत अरोड़ा, बीडीओ दीपक तेवतिया की टीम ने ग्राम पंचायत असदुल्लापुर उर्फ हुसैनपुर में पंचायत निधि से कराए गए विकास कार्यों की जांच की। क्षेत्रीय ग्रामीणों हरिओम कुमार, अमर सिंह, विकास कुमार, खाकसार तकी ने निदेशक पंचायत राज, मंडल आयुक्त और जिला प्रशासन को शपथ पत्र के साथ विकास कार्यों में अनियमितता और सरकारी धन का दुरुपयोग करने का ग्राम प्रधान पर आरोप लगाया था।
डीएम अंकित कुमार के निर्देश पर डीपीआरओ दमनप्रीत अरोड़ा और बीडीओ ने ग्राम पंचायत पहुंचकर करीब 50 मीटर नवनिर्मित सीसी मार्ग की चौड़ाई-गहराई आदि की जांच की।
सीसी मार्ग निर्माण मानकों के अनुरूप पाया गया। जांच टीम ने अन्य विकास कार्यों के साथ गांव में पथ प्रकाश व्यवस्था के लिए लगाई गई लाइटों की संख्या और उसके संचालन के संबंध में ग्रामीणों से जानकारी की। ग्राम प्रधान रविता देवी, प्रधान पति धीर सिंह, दिलशाद अहमद, मो.अनवर, राहुल हुड्डा की उपस्थिति में टीम ने सामुदायिक शौचालय, चबूतरा निर्माण, स्कूल में टाइलीकरण और अन्य विकास कार्यों में अनियमिताओं से संबंधित मामलों की जांच की। जांच टीम अन्य निर्माण कार्यों से संबंधित रिकार्ड खंगालने में जुटी है।