बिजनौर में दो दिन पूर्व जिला अस्पताल से चोरी हुए नवजात शिशु के मामले में बच्चा चोर महिला के शक में तीमारदारों ने एक आशा को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। पूछताछ में निर्दोष मिलने पर पुलिस ने आशा को थाने से छोड़ दिया।
थाना नगीना क्षेत्र के गांव पखनपुर निवासी तेजपाल की पत्नी किरण देवी ने रविवार को जिला महिला अस्पताल में बेटे को जन्म दिया था। मंगलवार सुबह किरण की सास केलो देवी अपने पोते को जिला महिला अस्पताल के गेट पर लेकर टहल रही थी। इस दौरान एक महिला उसे सरकारी योजना का लाभ दिलाने का झांसा देकर नवजात शिशु को लेकर फरार हो गई थी। मामले की तहरीर पुलिस में दे दी गई थी।
बृहस्पतिवार को हल्दौर ब्लाक के एक गांव निवासी आशा जिला महिला अस्पताल में किसी काम से पहुंची। इस दौरान अस्पताल में तीमारदारों ने बच्चा चोर महिला के शक में आशा को पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दे दी। पुलिस आशा को हिरासत में लेकर पूछताछ के लिए थाने ले गई, लेकिन पूछताछ में बच्चा चोरी के मामले में उक्त आशा के संलिप्त न होने पर उसे छोड़ दिया गया। इस बाबत शहर कोतवाल अजय गौतम का कहना है कि पूछताछ के बाद आशा को छोड़ दिया गया है। बच्चा चोरी के शक में आशा को गलत पकड़ लिया गया था।