बिजनौर। तेज हवा, आंधी और बारिश ने शनिवार को जिले की विद्युत व्यवस्था को बुरी तरह प्रभावित कर दिया। शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक कई जगह बिजली आपूर्ति बाधित रही, जिससे उपभोक्ताओं को घंटों परेशानी का सामना करना पड़ा।
शहर के आवास विकास एवं बुखारा बिजलीघर से जुड़े सभी फीडर तेज आंधी के दौरान सुरक्षा कारणों से बंद कर दिए गए। विभागीय अधिकारियों के अनुसार हवा थमने के बाद फीडरों की पेट्रोलिंग कर क्षतिग्रस्त स्थानों की मरम्मत शुरू कराई गई। आवास विकास क्षेत्र में करीब तीन घंटे तक पांच फीडर बंद रहे, जबकि बुखारा क्षेत्र के तीन से अधिक फीडर प्रभावित हुए। इनसे जुड़े उपभोक्ताओं को तीन से चार घंटे तक बिजली कटौती झेलनी पड़ी। आंधी के कारण शहर में तीन बिजली के खंभे क्षतिग्रस्त हो गए तथा कई स्थानों पर तार भी टूट गए।
शहर कई स्थानों पर गिरे पेड, टहनियां : जेई ने बताया कि डीएम कार्यालय व सपा कार्यालय के पास अशोक का एक बड़ा पेड़ झुककर बिजली लाइन पर आ गया, इससे काजीपाड़ा जुलाहान, डीएम ऑफिस रोड, शांति विहार, सदर बाजार भाटान, गीता नगरी, ईदगाह रोड और आसपास के क्षेत्रों की विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई। विद्युत विभाग ने वन विभाग के सहयोग से पेड़ हटाकर जल्द आपूर्ति बहाल करने के प्रयास किए। एसडीओ ओंमकार शर्मा ने बताया कि तेज हवा व बारिश से विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई थी। पेड़ व टहनियां से तीन खंभे क्षतिग्रस्त हुए और तार टूटे।