नगीना में जूते की दुकान के अंदर घुसा सारस।
- फोटो : BIJNOR
जूतों की दुकान में घुसा सारस
नगीना। पतंग की डोर से टकराकर सड़क पर गिरने के बाद एक सारस जूतों की दुकान में घुस गया। उसे पकड़ने की कोशिश में सारस की मौत हो गई। घटना से वन विभाग अनजान बना हुआ है।
बुधवार की देर शाम नगीना थाना कोतवाली से मात्र 100 कदम की दूरी पर एक सारस पतंग की डोर से टकराकर बारादरी बाजार में सड़क पर गिर गया। सारस सड़क किनारे धीरे-धीरे चल कर थाने के पास स्थित जूतों की दुकान में जा घुसा। इससे बाजार में अफरा-तफरी का माहौल हो गया तथा सारस को देखने के लिए काफी लोग जमा हो गए। कुछ लोगों ने डंडे व हाथों से सारस को पकड़ कर ले जाने की कोशिश की। इसी पकड़ा पकड़ी के बीच सारस ने दम तोड़ दिया। बाद में सारस को नगीना-धामपुर रोड स्थित एक श्मशान घाट के पास दफना दिया गया। इस संबंध में वन क्षेत्राधिकारी नगीना वीरेंद्र सिंह का कहना है कि मामला उनके संज्ञान में नहीं है।