फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bijnor News: बेटे को मिली प्यार की मंजिल, बूढ़ी मां को मिली गांव की दुत्कार

विज्ञापन
विज्ञापन
- लग्न रिश्ते से तीन दिन पूर्व युवती पड़ोसी सजातीय युवक के साथ हो गई थी फरार
विज्ञापन

- पुलिस ने बरामद कर कोर्ट में पेश किया, जहां से बालिग होने पर साथ रहने की इजाजत मिली
- गांव में हुई पंचायत, पंचों ने परिवार को दी युवक के सजातीय युवती संग प्रेम करने की सजा
- बूढ़ी मां, बहन और भाई का किया गांववे बहिष्कार, किसी के खेत में भी नहीं जा सकेंगे



धर्मेन्द्र भुईयार
स्योहारा (बिजनौर)। सजातीय युवक-युवती की प्रेम कहानी के सुखद अंत के बीच प्रेमी की 80 वर्षीय बूढ़ी मां और छोटे भाई-बहन पर पंचों ने इसकी सजा सुना दी है। पंचायत ने परिवार का गांव से बहिष्कार करने का एलान कर दिया। किसी भी आयोजन में न्योता न देने और किसी के खेत में घुसने तक पर पाबंदी लगा दी। इस तुगलकी फरमान से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल बना है। वहीं, पुलिस-प्रशासनिक अधिकारी तहरीर मिलने पर कार्रवाई करने की बात कह रहे हैं।

मामला थाना क्षेत्र के गांव हसनपुर पालकी का है। अनुसूचित जाति की युवती अपने लग्न रिश्ते से तीन दिन पूर्व घर के सामने ही रहने वाले सजातीय युवक के साथ चली गई थी। पुलिस ने दोनों को बरामद कर न्यायालय के समक्ष पेश किया। न्यायालय ने दोनों को बालिग मानते हुए साथ रहने की इजाजत दे दी।
विज्ञापन

शुक्रवार को इस मामले में एक पंचायत हुई, जिसमें पूरा गांव शामिल हुआ। पंचायत ने युवक की बूढ़ी मां को खूब खरी खोटी सुनाई। इसके बाद ग्राम प्रधान जैसे गणमान्य लोगों के बीच पंचों ने अपना फैसला सुनाया। इसमें युवक की मां और छोटे भाई-बहन को गांव के किसी भी कार्यक्रम में न्योता न देने और किसी के भी खेत में घुसने पर रोक लगा दी गई। इस तुगलकी फरमान पर पूरे गांव ने अपनी सहमति की मुहर लगा दी। बूढ़ी मां अपनी डबडबाई आंखों से पूरा मंजर देखती रही।



पड़ोसी युवक और युवती का फरार होना पूरे गांव के बदनामी की बात है। गांव में पंचायत हुई थी, जिसमें कुछ सख्त फैसले लेने का विचार बनाया गया था, ताकि भविष्य में कोई ऐसी पुनरावृति न कर सकें। मगर, बाद में परिवार के बहिष्कार का मामला मेरे संज्ञान में नहीं है। - सोनू कुमार, ग्राम प्रधान



युवक और उसके मौसेरे भाई के विरुद्ध दर्ज हुआ था मामला
स्योहारा। युवती का 29 नवंबर को लग्न रिश्ता होना तय हुआ था। लड़की पक्ष ने सगाई की सभी तैयारी पूर्ण कर रखी थी। सगाई होने से तीन दिन पूर्व 25 नवंबर को युवती घर के सामने ही रहने वाले युवक के साथ चली गई थी। लड़की के परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी युवक, उसके मौसेरे भाई के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर दिया था। पूर्व में भी युवती का कहीं रिश्ता तय हो गया था। आरोप है कि युवक ने वहां से भी रिश्ता तुड़वा दिया था।




युवक युवती दोनों ही बालिग है। इस कारण न्यायालय के आदेश पर स्वतंत्र रहने के लिए साथ चले गए। गांव में हुई पंचायत की उन्हें कोई जानकारी नहीं है। मामले की जांच कराई जाएगी। - धर्म सिंह मार्छल, एसपी पूर्वी
विज्ञापन








बूढ़ी मां को मिल रहीं लगातार धमकियां, पुलिस से मांगी सुरक्षा



शनिवार को युवक की मां थाने पहुंची। आरोप है कि युवती के परिजन लगातार उसको उल्टी सीधी धमकियां दे रहे हैं। उसके लड़के ने जो कदम उठाया है, वह वास्तव में गलत है। मगर, इसमें उसका क्या दोष है। उसने थाना प्रभारी निरीक्षक अमित कुमार से रक्षा की मांग की है।




परिवार पर रोजी रोटी का संकट



बूढ़ी मां, छोटे बहन-भाई के पालनहार का जिम्मा युवक पर ही है। युवक के गांव से जाने के बाद अब परिवार के सामने रोजी रोटी का भी संकट पैदा होने लगा है।






ऐसे किसी भी मामले की जानकारी नहीं है। अगर कोई शिकायत आती है तो जांच कर कार्रवाई की जाएगी। - रितु रानी, एसडीएम धामपुर
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें