शेरकोट। देहरादून में तीन माह पहले संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हुए शेरकोट निवासी 21 वर्षीय छात्र शारिक का कंकाल एक खाई में पड़ा मिलने की खबर ने परिजनों को झकझोर कर रख दिया। शारिक का कंकाल बरामद होने की खबर के बाद परिजनों में गहरा शोक व्याप्त है।
नगर के मोहल्ला कायस्थान निवासी फिरोज ने बताया कि उनके बड़े भाई मोहम्मद तारिक का 21 वर्षीय पुत्र शारिक देहरादून की आजाद कालोनी में रहकर बीएससी आईटी में अंतिम वर्ष की पढ़ाई कर रहा था। शारिक बीती 17 जुलाई को संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया। 19 जुलाई को परिजनों ने देहरादून पहुंच पटेलनगर थाने में गुमशुदगी दर्ज करा दी थी। फिरोज ने बताया कि रविवार को किमाड़ी मसूरी मार्ग पर एक ड्रोन से निगरानी के दौरान गहरी खाई में एक स्कूटर और मानव शरीर की कुछ हड्डियां दिखाई दी। पुलिस ने मौके पर पहुंच जांच पड़ताल की तो खाई में मिले स्कूटर और कपड़ों के आधार पर शारिक की पहचान की गई। शारिक तीन भाई बहनों में सबसे बड़ा था। जानकारी मिलने पर परिजन देहरादून रवाना हो गए।